
एटा। अलीगंज में चेहल्लुम का पर्व मंगलवार को अकीदत, श्रद्धा और गमगीन माहौल में मनाया गया। शहर के विभिन्न मोहल्लों से ताजिए निकाले गए, जिनमें बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए। पारंपरिक धार्मिक रस्मों के बीच सभी ताजिए निर्धारित मार्गों से होते हुए कर्बला पहुंचे, जहां चेहल्लुम की रस्में संपन्न कराई गईं।
चेहल्लुम के अवसर पर मेवाती मोहल्ला, कुंचा दायमा खां, टपकान टोला, मोहल्ला काजी, गांधी मूर्ति चौराहा, गंगा दरवाजा और मोहल्ला राधा-कृष्ण सहित विभिन्न स्थानों पर ताजिए स्थापित किए गए थे। निर्धारित समय पर ताजियों को उठाया गया और जुलूस अपने-अपने मार्गों से गुजरते हुए गांधी मूर्ति चौराहे पर पहुंचा, जहां सभी ताजियों का पारंपरिक मिलान कराया गया।
गांधी मूर्ति चौराहे पर विभिन्न मोहल्लों से आए ताजियों के एकत्र होने से धार्मिक वातावरण देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोग ताजियों के दर्शन और जुलूस में शामिल होने के लिए पहुंचे। इसके बाद सभी ताजिए एक साथ कर्बला के लिए रवाना हुए। जुलूस के दौरान अकीदतमंदों ने पूरी श्रद्धा और अनुशासन के साथ धार्मिक परंपराओं का पालन किया।
चेहल्लुम के जुलूस को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। क्षेत्राधिकारी अलीगंज राजेश सिंह के नेतृत्व में जुलूस मार्ग, प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे और यातायात व्यवस्था भी सुचारु बनाए रखी।
पुलिस की सतर्कता और स्थानीय लोगों के सहयोग से चेहल्लुम का जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। देर शाम सभी ताजिए कर्बला पहुंचे, जहां परंपरागत धार्मिक रस्मों के साथ चेहल्लुम का आयोजन सम्पन्न हुआ।
Leave a Reply