
एटा। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल मंगलवार को जलेसर स्थित ब्रजभूमि गेस्ट हाउस में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल हुए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उनका 51 किलो की फूलमाला पहनाकर भव्य स्वागत किया। सम्मेलन में उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया।
श्यामलाल पाल ने कहा कि यह सम्मेलन टिकट वितरण के लिए नहीं, बल्कि संगठन की चुनावी तैयारियों की समीक्षा के लिए आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि टिकट के दावेदार कई हो सकते हैं, लेकिन प्रत्याशी एक ही होगा, इसलिए सभी कार्यकर्ताओं का लक्ष्य समाजवादी पार्टी को मजबूत बनाकर चुनाव जिताना होना चाहिए। उन्होंने कहा कि PDA (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) की एकजुटता से ही संगठन मजबूत होगा।
पत्रकारों से बातचीत में सपा प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा की डबल इंजन सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने पेपर लीक कराकर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है और रोजगार के अवसर छीन लिए हैं। साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि श्रीराम मंदिर के चढ़ावे से जुड़े मामलों में अनियमितताएं हुई हैं। (ये आरोप सपा प्रदेश अध्यक्ष द्वारा लगाए गए हैं।)
बिहार के सांसद पप्पू यादव पर हुए हमले का उल्लेख करते हुए उन्होंने इसे सामंतवादी मानसिकता का परिणाम बताया और कहा कि PDA से जुड़े नेताओं एवं महापुरुषों का अपमान करने की प्रवृत्ति पुरानी रही है।
कैबिनेट मंत्री एवं सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर पर निशाना साधते हुए श्यामलाल पाल ने कहा कि वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने में असफल रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पंचायत विभाग का जिम्मा होने के बावजूद प्रदेश में पंचायत चुनाव नहीं कराए जा सके हैं। उन्होंने नैतिकता के आधार पर राजभर से मंत्री पद से इस्तीफा देने की मांग भी की।
आगामी विधानसभा सत्र को लेकर उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी किसानों की समस्याओं, NEET परीक्षा विवाद, युवाओं के रोजगार और श्रीराम मंदिर के चढ़ावे से जुड़े मुद्दों को सदन में मजबूती से उठाएगी।
सम्मेलन में पूर्व विधायक रणजीत सुमन, परवेज जुबैरी, भूपेंद्र प्रजापति, बबलू प्रधान, महबूब उर रहमान, राजेंद्र शाक्य, राजन लाल जाटव, विजेंद्र नायक, सतीश दिवाकर, अर्जुन वाल्मीकि, सौरभ बघेल, मुकुट सिंह लोधी, हेम सिंह अहेरिया, बदन लोधी, बंदे हसन, धीरेंद्र सिंह यादव, राकेश यादव, सपा युवजन सभा के जिलाध्यक्ष अमित कुमार जोनी, सीमा जाटव, मुसर्रत अंसारी, मोहम्मद आज़मी, अरशद पठान, केशव यादव, अमित यादव, राजकुमार यादव, बंटी पठान, टीपू कुरैशी सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Leave a Reply