
एटा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी पूरे देश के साथ जनपद में भी 10 से 15 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान व्यापक स्तर पर चलाएगी। अभियान के माध्यम से प्रत्येक घर, प्रतिष्ठान और सार्वजनिक स्थान पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए लोगों को प्रेरित किया जाएगा। इसके साथ ही तिरंगा पदयात्रा, तिरंगा यात्रा, स्वच्छता अभियान, जनसंपर्क और विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस जैसे कार्यक्रम आयोजित कर अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप दिया जाएगा।
भाजपा मंडल अध्यक्ष सोमेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए जिला, मंडल और बूथ स्तर पर संयोजकों की जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं। पार्टी कार्यकर्ता गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर लोगों को अभियान से जोड़ेंगे तथा स्वतंत्रता दिवस को पूरे उत्साह और राष्ट्रभक्ति के साथ मनाने का संदेश देंगे।
उन्होंने बताया कि अभियान की शुरुआत 10 अगस्त से होगी। 10 से 12 अगस्त तक मंडलों में तिरंगा पदयात्राएं निकाली जाएंगी, जिनमें पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, युवा, महिलाएं और आमजन शामिल होंगे। पदयात्राओं के माध्यम से लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, देशभक्ति और स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान से अवगत कराया जाएगा।
इसके बाद 12 से 14 अगस्त तक स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों से जुड़े स्मारकों, शहीद स्थलों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। कार्यकर्ता इन स्थलों की साफ-सफाई कर राष्ट्रनायकों के प्रति सम्मान प्रकट करेंगे तथा स्वच्छता का संदेश भी देंगे।
13 अगस्त को जिला मुख्यालय पर भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। यात्रा में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और नागरिक हाथों में तिरंगा लेकर शामिल होंगे। यात्रा के दौरान राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत वातावरण बनाया जाएगा और लोगों को देश के प्रति अपने कर्तव्यों का संदेश दिया जाएगा।
भाजपा मंडल अध्यक्ष ने बताया कि 13 से 15 अगस्त तक विशेष जनसंपर्क अभियान चलाकर प्रत्येक घर, दुकान, प्रतिष्ठान और व्यावसायिक संस्थान पर तिरंगा फहराने के लिए लोगों को प्रेरित किया जाएगा। पार्टी कार्यकर्ता लोगों से राष्ट्रीय ध्वज सम्मानपूर्वक लगाने और निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील करेंगे।
उन्होंने बताया कि 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर गोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा, जिनमें देश के विभाजन के समय हुई त्रासदी और लाखों लोगों के संघर्ष एवं बलिदान को याद किया जाएगा। इस अवसर पर बैनर और प्लेकार्ड के साथ मौन जुलूस भी निकाला जाएगा, जिससे नई पीढ़ी को इतिहास की उन घटनाओं से अवगत कराया जा सके।
सोमेंद्र सिंह राठौर ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल राष्ट्रीय ध्वज फहराने का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह देश के प्रति सम्मान, एकता, अखंडता और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने का अभियान है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराकर इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और स्वतंत्रता दिवस को गौरव एवं उत्साह के साथ मनाएं।
Leave a Reply