दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लगाया अपनी साइड में आकर टक्कर मारने का आरोप, पुलिस ने दोनों बाइक कब्जे में लीं

एटा। थाना राजा का रामपुर क्षेत्र के गांव असदपुर में मंदिर के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार चार लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर थाना राजा का रामपुर पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज में भर्ती कराया। पुलिस ने घटनास्थल से दोनों दुर्घटनाग्रस्त बाइकों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, एक बाइक पर शाकिर अली (38) पुत्र यूसुफ अली निवासी बिलराम, थाना ढोलना, जनपद कासगंज और यूसुफ अली (60) पुत्र बाबू शाह सवार थे। दोनों कासगंज से मिलिक की ओर जा रहे थे। बताया गया कि शाकिर अली के मामा का निधन हो गया था। इसी के चलते दोनों रिश्तेदारी में शोक संवेदना व्यक्त करने जा रहे थे।

वहीं दूसरी बाइक पर राम सिंह (34) पुत्र लक्ष्मण सिंह निवासी दिसिक नगला, थाना मेरापुर और विपिन (22) पुत्र सन्नाम सिंह निवासी नगला दिसिक, थाना मेरापुर सवार थे। दोनों अमापुर क्षेत्र के गांव मनफूल नगला जा रहे थे। बताया गया कि राम सिंह के जीजा महावीर की मां का निधन हो गया था। इसी के चलते दोनों वहां शोक संवेदना व्यक्त करने जा रहे थे।

हादसे को लेकर दोनों पक्षों के अलग-अलग आरोप

दुर्घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लापरवाही से बाइक चलाने और अपनी साइड में आकर टक्कर मारने का आरोप लगाया। घायल यूसुफ अली का कहना है कि वे अपनी साइड से बाइक लेकर जा रहे थे, तभी सामने से आ रहे बाइक सवार उनकी साइड में आ गए और टक्कर मार दी। वहीं दूसरे पक्ष के घायल राम सिंह ने आरोप लगाया कि सामने से तेज रफ्तार में आ रही बाइक ने उन्हें टक्कर मारी। दोनों पक्षों के बयानों में हादसे की वजह को लेकर अलग-अलग दावे सामने आए हैं।

पुलिस ने एंबुलेंस से घायलों को पहुंचाया अस्पताल

हादसे की सूचना मिलते ही थाना राजा का रामपुर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से स्थिति संभाली और एंबुलेंस बुलाकर चारों घायलों को सीएचसी अलीगंज भिजवाया, जहां उन्हें उपचार के लिए भर्ती कराया गया।

दोनों बाइक पुलिस के कब्जे में, जांच जारी

थाना राजा का रामपुर के दरोगा महेंद्र सिंह ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। चारों घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज में भर्ती कराया गया है। घटनास्थल से दोनों बाइकों को कब्जे में लिया गया है। मामले में थाना स्तर से आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।