एटा। पवित्र श्रावण मास के प्रथम सोमवार को कांवड़ यात्रा के मद्देनजर जिलाधिकारी अरविन्द सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इला मारन ने सोमवार को रिजोर क्षेत्र स्थित श्री वनखण्डेश्वर महादेव मंदिर एवं प्राचीन कैलाश मंदिर का निरीक्षण कर सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। दोनों अधिकारियों ने मंदिरों में पूजा-अर्चना कर जनपदवासियों के सुख, समृद्धि और मंगल की कामना की।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर परिसर, प्रवेश एवं निकास द्वार, दर्शन मार्ग, बैरिकेडिंग, पार्किंग, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई और सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करें।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इला मारन ने पुलिस अधिकारियों को भीड़ प्रबंधन के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रखने तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए निर्धारित रूट डायवर्जन का कड़ाई से पालन कराया जाए, जिससे कांवड़ यात्रियों और आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आवश्यक सेवाएं 24 घंटे सक्रिय रहें तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध रखे जाएं। उन्होंने उपजिलाधिकारी सदर श्वेता सिंह, तहसीलदार नीरज वार्ष्णेय और संबंधित विभागों को मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने, नियमित कूड़ा निस्तारण तथा पेयजल की निर्बाध व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीएम अरविन्द सिंह ने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था का महापर्व है और इसे शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को श्रद्धालुओं के साथ सहयोगात्मक व्यवहार रखते हुए पूरी संवेदनशीलता और सतर्कता से अपने दायित्व निभाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के बाद डीएम और एसएसपी ने रिजोर थाना क्षेत्र में पहुंचकर यातायात व्यवस्था का भी निरीक्षण किया तथा कांवड़ यात्रियों की सुरक्षित एवं निर्बाध यात्रा सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उपजिलाधिकारी सदर श्वेता सिंह, तहसीलदार नीरज वार्ष्णेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
Leave a Reply