कहीं कैमरे खराब मिले तो कहीं नहीं थे लगे, अधिकारियों ने तत्काल व्यवस्था दुरुस्त कराने के दिए निर्देश

एटा। शराब की दुकानों पर निगरानी व्यवस्था मजबूत करने और अवैध शराब की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए बुधवार को अलीगंज क्षेत्र में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की टीम ने शराब की दुकानों का औचक निरीक्षण किया। जिलाधिकारी के निर्देश पर की गई कार्रवाई के दौरान दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, बिक्री रजिस्टर और शराब बिक्री से संबंधित अभिलेखों की जांच की गई। निरीक्षण में कुछ दुकानों पर कैमरे खराब मिले, जबकि कुछ दुकानों पर सीसीटीवी कैमरे लगे ही नहीं पाए गए।

उप जिलाधिकारी अलीगंज डॉ. शशि शेखर, क्षेत्राधिकारी अलीगंज राजेश सिंह और सप्लाई इंस्पेक्टर कुलदीप कुमार के नेतृत्व में टीम ने डाक बंगला, कायमगंज रोड, नगला पड़ाव, अंबेडकर मूर्ति, सराय अड्डा और किला रोड स्थित शराब की दुकानों को चेक किया। अधिकारियों के अचानक पहुंचने से दुकानदारों में हलचल मच गई।

खराब कैमरों को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति देखी। कुछ स्थानों पर कैमरे खराब मिले, जबकि कुछ दुकानों पर कैमरे लगे नहीं थे। अधिकारियों ने इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित दुकानदारों को तत्काल कैमरे लगवाने और खराब कैमरों को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शराब की दुकानों पर निगरानी व्यवस्था के लिए सीसीटीवी कैमरों का चालू हालत में रहना जरूरी है।

रेट और बिक्री अभिलेख भी खंगाले

टीम ने दुकानों पर निर्धारित दर के अनुसार शराब की बिक्री की स्थिति की जानकारी ली। बिक्री रजिस्टर और अन्य अभिलेखों को भी चेक किया गया। अधिकारियों ने दुकानदारों से यह जानकारी ली कि कहीं निर्धारित दर से अधिक कीमत पर शराब की बिक्री तो नहीं की जा रही है। साथ ही अवैध रूप से शराब की बिक्री किए जाने के संबंध में भी पूछताछ की गई।

अधिकारियों ने दुकानदारों को निर्देश दिए कि दुकान के अंदर अथवा आसपास किसी भी व्यक्ति को शराब का सेवन न करने दिया जाए। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

अवैध शराब पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश

अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए संभावित स्थानों को भी चिन्हित किया जा रहा है। शराब की दुकानों पर लगातार निरीक्षण और निगरानी की जाएगी, ताकि निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जा सके।

एसडीएम डॉ. शशि शेखर ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर शराब की दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया। दुकानों पर सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, रजिस्टर और बिक्री से संबंधित अभिलेखों की जांच की गई। जहां कैमरे खराब अथवा नहीं लगे मिले हैं, वहां संबंधित दुकानदारों को तत्काल व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए हैं। दुकानों के आसपास शराब का सेवन न करने देने के भी निर्देश दिए गए हैं। अवैध शराब की बिक्री या निर्माण की शिकायत मिलने पर जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।