अलीगंज विधानसभा में दिन में रोस्टिंग और रात में निर्बाध विद्युत आपूर्ति कराने की उठाई आवाज, सराय अगहत से अलीगंज कस्बे तक कटौती से लोग परेशान
एटा। अलीगंज विधानसभा क्षेत्र में लगातार हो रही विद्युत कटौती को लेकर भाजपा विधायक ठाकुर सत्यपाल सिंह राठौर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर विद्युत व्यवस्था में सुधार की मांग की है। विधायक ने विशेष रूप से रात के समय की जा रही रोस्टिंग को बंद कराकर दिन के समय रोस्टिंग प्रक्रिया लागू करने तथा रात में निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने का अनुरोध किया है।
मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में विधायक ने कहा है कि अलीगंज विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण और कस्बाई इलाकों में लगातार विद्युत कटौती की जा रही है। रोस्टिंग के नाम पर कई स्थानों पर रात्रि के समय चार से पांच घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है। इससे क्षेत्रीय जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और उनका सामान्य जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
विधायक ने पत्र में सराय अगहत, अमोघपुर भाटान, अलीगंज देहात और अलीगंज कस्बा सहित विधानसभा क्षेत्र के कई स्थानों का उल्लेख करते हुए कहा है कि यहां रात में लंबे समय तक विद्युत कटौती की शिकायतें सामने आ रही हैं। रात के समय बिजली नहीं होने से लोगों को गर्मी और उमस में परेशानी उठानी पड़ रही है। इसके साथ ही बच्चों की पढ़ाई, घरेलू कार्य और अन्य दैनिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं।
रात की कटौती से जनता में बढ़ रहा रोष
विधायक ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि अनावश्यक विद्युत कटौती के कारण क्षेत्रीय जनता में रोष पनप रहा है। उनका कहना है कि यदि विद्युत आपूर्ति व्यवस्था के तहत रोस्टिंग किया जाना आवश्यक है तो इसे दिन के समय निर्धारित किया जाना अधिक उपयुक्त होगा, जिससे रात में आम जनता को राहत मिल सके।
उन्होंने कहा कि रात के समय निर्बाध बिजली मिलने से लोगों को राहत मिलेगी और उनके दैनिक जीवन पर पड़ रहा विद्युत कटौती का असर भी कम होगा। वहीं दिन के समय रोस्टिंग होने पर आमजन को अपेक्षाकृत कम परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
संबंधित अधिकारियों को निर्देश देने की अपील
भाजपा विधायक ठाकुर सत्यपाल सिंह राठौर ने मुख्यमंत्री से विनम्र निवेदन करते हुए मांग की है कि जनपद एटा के अलीगंज विधानसभा क्षेत्र में विद्युत रोस्टिंग की प्रक्रिया दिन के समय ही लागू कराने और रात में निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विद्युत अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।
विधायक के पत्र के बाद अलीगंज क्षेत्र में विद्युत कटौती का मुद्दा एक बार फिर प्रमुखता से सामने आया है। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि रात में कई-कई घंटे बिजली गुल रहने से उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अब लोगों को उम्मीद है कि शासन स्तर से मामले का संज्ञान लेकर विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में सुधार के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
Leave a Reply