मारहरा (एटा)। थाना क्षेत्र के गांव खलीलगंज में मंगलवार तड़के एक 21 वर्षीय युवक ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान शिवम (21) पुत्र इंद्रजीत निवासी ग्राम खलीलगंज के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि कुछ समय पहले पारिवारिक विवाद के कारण शिवम को घर से अलग कर दिया गया था। बताया जा रहा है कि वह घर में मिलने वाले तानों से मानसिक रूप से परेशान रहता था।

ग्रामीणों के मुताबिक सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे शिवम ने अपने कमरे में फांसी लगा ली। करीब 2:30 बजे परिजनों को घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और आवश्यक पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

थानाध्यक्ष योगेंद्र सिंह ने बताया कि फिलहाल इस संबंध में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आत्महत्या के कारणों की भी जांच कर रही है।