अलीगंज में भाजपा का बूथ अध्यक्ष सम्मेलन संपन्न, 6 मंडलों के 439 बूथ अध्यक्षों ने लिया हिस्सा
एटा। भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक विस्तार और बूथ स्तर को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से अलीगंज स्थित एसपीएस रिसोर्ट में भाजपा बूथ अध्यक्ष सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। सम्मेलन में अलीगंज विधानसभा क्षेत्र के छह मंडलों के 439 बूथ अध्यक्षों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में संगठन की मजबूती, आगामी चुनावी रणनीति तथा केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अलीगंज विधायक सत्यपाल सिंह राठौर, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद गुप्ता तथा अलीगढ़ मंडल के पूर्व जिलाध्यक्ष ठाकुर गोपाल सिंह ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद वंदे मातरम् और संगठन गीत के साथ सम्मेलन की औपचारिक शुरुआत हुई।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए विधायक सत्यपाल सिंह राठौर ने कहा कि “भाजपा की असली ताकत उसका बूथ संगठन है। बूथ सशक्त होगा तभी भाजपा मजबूत होगी।” उन्होंने कहा कि बूथ अध्यक्ष संगठन की रीढ़ हैं और पार्टी की विचारधारा तथा सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने में उनकी सबसे महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक बूथ पर सक्रिय रहकर नए मतदाताओं से संपर्क बढ़ाने, सदस्यता अभियान को गति देने तथा समाज के प्रत्येक वर्ग तक पार्टी की नीतियों और योजनाओं को पहुंचाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश और प्रदेश में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं। गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, किसानों के हित, युवाओं के रोजगार और आधारभूत ढांचे के विकास जैसी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता केवल चुनाव के समय नहीं बल्कि पूरे वर्ष समाज सेवा और जनसंपर्क में सक्रिय रहता है।

भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि बूथ अध्यक्ष संगठन की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ पर मजबूत टीम तैयार कर संगठन के कार्यक्रमों को सफल बनाना और जनता के बीच लगातार संवाद बनाए रखना ही भाजपा की सफलता का आधार है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अनुशासन और समर्पण के साथ संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
अलीगढ़ मंडल के पूर्व जिलाध्यक्ष ठाकुर गोपाल सिंह ने कहा कि भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन है और इसकी सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ अध्यक्ष अपने क्षेत्र में पार्टी का चेहरा होता है। यदि बूथ स्तर पर संगठन मजबूत रहेगा तो किसी भी चुनाव में भाजपा की जीत सुनिश्चित होगी। उन्होंने सभी बूथ अध्यक्षों से नियमित जनसंपर्क, संगठनात्मक बैठकों और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया।
सम्मेलन के दौरान बूथ प्रबंधन, मतदाता संपर्क अभियान, संगठन विस्तार, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा सरकार की योजनाओं के प्रभावी प्रचार-प्रसार पर विस्तार से चर्चा की गई। वरिष्ठ नेताओं ने बूथ अध्यक्षों को संगठनात्मक जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ करने का संकल्प भी दिलाया।
कार्यक्रम में जिले एवं मंडलों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, मोर्चों के पदाधिकारी, शक्ति केंद्र संयोजक, बूथ अध्यक्ष तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सम्मेलन का समापन भारत माता की जय और वंदे मातरम् के उद्घोष के साथ हुआ।
इस मौके पर कार्यक्रम संयोजक पियूष शाक्य, दिनेश गुप्ता, अभिषेक शर्मा उर्फ गोपाल, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. अशोक रतन शाक्य, जिला उपाध्यक्ष आशीष राजपूत, सांसद प्रतिनिधि अंकुर राजपूत, चेयरमैन विवेक गुप्ता, चेयरमैन प्रतिनिधि अर्जुन सिंह राठौर, चेयरमैन प्रतिनिधि अलीगंज सुजीत गुप्ता उर्फ बॉबी सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply