एटा। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रभावी पालन को लेकर थाना राजा का रामपुर पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में रविवार देर शाम थाना क्षेत्र के अलीगंज-दरियावगंज मार्ग स्थित पहरा पुल पर प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान दोपहिया, चारपहिया एवं भारी वाहनों की गहन जांच की गई, जिससे वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले, बिना सीट बेल्ट कार चलाने वाले तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की। वाहनों के आवश्यक दस्तावेज, ड्राइविंग लाइसेंस, पंजीकरण प्रमाण पत्र, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र और अन्य कागजातों की भी बारीकी से जांच की गई। संदिग्ध वाहनों की तलाशी लेकर उनके चालकों से पूछताछ भी की गई। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह ने बताया कि अभियान के दौरान कुल 20 वाहनों के चालान किए गए तथा विभिन्न यातायात नियमों के उल्लंघन पर करीब 45 हजार रुपये शमन शुल्क वसूला गया। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से यह अभियान नियमित रूप से चलाया जा रहा है। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनें, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें तथा सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें। शराब पीकर वाहन चलाने, तेज गति और लापरवाही से वाहन संचालन से बचें, क्योंकि छोटी-सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। वहीं उन्होंने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। चेकिंग अभियान के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह मुस्तैद रही।