राजा का रामपुर और ग्राम पहरा में सांस्कृतिक विभाग की टीम ने किया आयोजन, कन्या सुमंगला, सामूहिक विवाह और किसान सम्मान निधि के प्रति किया जागरूक

एटा। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने और पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से सांस्कृतिक विभाग की ओर से सोमवार को राजा का रामपुर और ग्राम पहरा में नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। सांस्कृतिक विभाग से पहुंची टीम ने नाटक और संवाद के माध्यम से ग्रामीणों एवं नगरवासियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना समेत अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में लोगों को बताया। कलाकारों ने नाटक के माध्यम से योजनाओं के उद्देश्य, पात्रता और मिलने वाले लाभ की जानकारी सरल भाषा में समझाई। कार्यक्रम के दौरान लोगों से पात्र होने पर योजनाओं का लाभ लेने के लिए आगे आने की अपील भी की गई।

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक कार्यक्रम

भाजपा मंडल अध्यक्ष सोमेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि भाजपा की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार को नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि शासन की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सांस्कृतिक विभाग की टीम अलग-अलग स्थानों पर कार्यक्रम कर लोगों को जागरूक कर रही है।

उन्होंने कहा कि नुक्कड़ नाटक के माध्यम से योजनाओं की जानकारी देने का उद्देश्य आम लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ना और पात्र लाभार्थियों को उनका लाभ दिलाना है। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में नगरवासी और ग्रामीण मौजूद रहे और उन्होंने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।

इस मौके पर भाजपा नेता अर्जुन सिंह राठौड़, अखिलेश सिंह राठौड़, देवराज चौहान, प्रवीण भदौरिया, अशोक, भोलेद्र, ओमपाल, अवधेश, विपिन और मनीष समेत भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं नगरवासी मौजूद रहे।