बीमार भाई को देखने मायके जा रही थी महिला, बिथरा भट्टा के पास अचानक सड़क पर आई नीलगाय; पैर में फ्रैक्चर, रेफर

एटा। थाना नयागांव क्षेत्र में बिथरा भट्टा के पास सोमवार दोपहर करीब एक बजे अचानक सड़क पर आई नीलगाय बाइक से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार मां-बेटा सड़क पर गिरकर घायल हो गए। दोनों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज ले जाया गया। चिकित्सकों ने महिला के पैर में फ्रैक्चर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रेफर कर दिया, जबकि बेटे की हालत उपचार के बाद स्थिर बताई गई।

जानकारी के अनुसार रामा देवी (40) पत्नी विनोद कुमार निवासी खिरिया बनार अपने पुत्र शिवम के साथ बाइक से मायके सराय अगहत जा रही थीं। बताया गया कि रामा देवी अपने बीमार भाई को देखने के लिए मायके जा रही थीं। बाइक उनका पुत्र शिवम चला रहा था।

शिवम ने बताया कि वह अपनी मां को बाइक पर बैठाकर सराय अगहत जा रहा था। बिथरा भट्टा के पास पहुंचते ही अचानक एक नीलगाय सड़क पर आ गई। इससे पहले कि वह बाइक को संभाल पाता, नीलगाय बाइक से टकरा गई। टक्कर लगते ही बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई और दोनों मां-बेटा घायल हो गए।

हादसे में रामा देवी के पैर में गंभीर चोट आई, जबकि शिवम को भी चोटें लगीं। राहगीरों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से दोनों को सीएचसी अलीगंज ले जाया गया, जहां उनका उपचार किया गया।

सीएचसी अलीगंज के फार्मासिस्ट आलोक राजपूत ने बताया कि दोनों घायलों को एंबुलेंस की सहायता से अस्पताल लाया गया था। उपचार के बाद शिवम की हालत स्थिर है। वहीं रामा देवी के पैर में फ्रैक्चर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर उपचार के लिए रेफर किया गया है।