मारपीट में दो लोग घायल, जैथरा पुलिस ने शुरू की जांच
एटा। थाना जैथरा क्षेत्र के ग्राम बनार में खेत पर काम कर रहे एक किसान पर आधा दर्जन से अधिक लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट की इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना में दो लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शनिवार शाम करीब पांच बजे विपिन कुमार पुत्र महेश पाल अपने खेत पर कृषि कार्य कर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान गांव के शैलेंद्र पुत्र राजेंद्र पाल, सत्येंद्र पुत्र राजेंद्र पाल, अमन पुत्र सत्येंद्र, विक्रम पुत्र शैलेंद्र, धर्मपाल पुत्र राजेंद्र सहित कुछ अन्य लोग वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे।
पीड़ित द्वारा विरोध किए जाने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में विपिन कुमार तथा अभय गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर दोनों को बचाया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कई लोग हाथों में लाठी-डंडे लेकर एक व्यक्ति के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की जा सकती।
थाना प्रभारी सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Leave a Reply