एटा। आगामी कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन ने बुधवार को थाना बागवाला क्षेत्र के प्रसिद्ध परसौन शिव मंदिर का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने मंदिर परिसर, आने-जाने वाले मार्गों, बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था तथा कांवड़ यात्रियों के सुरक्षित एवं सुगम आवागमन के लिए की गई तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए।

एसएसपी ने मंदिर प्रबंधन समिति से श्रावण मास के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्वयंसेवकों (वॉलंटियर्स) का समूह बनाकर उनकी तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, प्रभावी यातायात संचालन, लगातार पेट्रोलिंग तथा संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी समन्वय बनाकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।

निरीक्षण के दौरान सदर एसडीएम सुश्री श्वेता सिंह, नायब तहसीलदार नीरज वार्ष्णेय सहित प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।