नौ दिन से व्रत रख रही थी तनु, कन्या पूजन के बाद मां और भाई-बहनों के साथ गई थी चामुंडा देवी मंदिर; पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण

एटा। जनपद एटा के मिरहची क्षेत्र में एक 12 वर्षीय बच्ची की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। बच्ची सोमवार को परिवार के साथ कासगंज स्थित चामुंडा देवी मंदिर में दर्शन करने गई थी। दर्शन के बाद मेले में उसने आइसक्रीम और चाऊमीन खाई। घर लौटते समय अचानक उसे उल्टियां होने लगीं। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने चाऊमीन का टुकड़ा सांस की नली में फंसने से दम घुटने की आशंका जताई है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

कन्या पूजन के बाद परिवार के साथ गई थी मंदिर

मिरहची की रहने वाली तनु (12) स्थानीय द एंजेल फ्यूचर स्कूल में पढ़ती थी। परिजनों के मुताबिक, तनु नौ दिन से व्रत रख रही थी। सोमवार को कन्या पूजन के बाद वह अपनी मां, बुआ नीलम, छोटी बहन मनु (10) और तीन वर्षीय भाई राघव के साथ कासगंज स्थित चामुंडा देवी मंदिर में दर्शन करने गई थी। परिवार दोपहर करीब 12 बजे घर से निकला था।

मंदिर में दर्शन करने के बाद परिवार के सदस्यों ने मेले में कुछ समय बिताया। इसी दौरान तनु ने आइसक्रीम और चाऊमीन खाई। इसके बाद परिवार टेंपो से वापस घर लौटने लगा।

रास्ते में अचानक होने लगीं उल्टियां

परिजनों के अनुसार, सोमवार शाम करीब चार बजे घर लौटते समय नदरई के पास तनु की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उसे उल्टियां होने लगीं। बच्ची की हालत देखकर परिवार के लोग घबरा गए और उसे तत्काल डॉक्टर के पास ले गए। वहां से उसे कासगंज के कलावती अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतका की बुआ की बेटी सुदीप ने बताया कि मंदिर में दर्शन के बाद तनु ने आइसक्रीम और चाऊमीन खाई थी। घर लौटते समय रास्ते में उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे बचाने के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।

पिता असम में करते हैं नौकरी

तनु के पिता शरद असम के डिब्रूगढ़ में क्यूपो ऑयल एंड गैस इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी में टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत हैं। बेटी की मौत की सूचना मिलने के बाद वह घर के लिए रवाना हो गए हैं। परिवार के लोगों के मुताबिक, पिता के पहुंचने के बाद ही बच्ची का अंतिम संस्कार किया जाएगा। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।

सांस की नली में चाऊमीन फंसने की आशंका

एटा के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि प्रारंभिक आशंका है कि चाऊमीन का कोई हिस्सा बच्ची की सांस की नली में फंस गया होगा, जिससे दम घुटने के कारण उसकी मौत हुई हो सकती है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि मौत का सही कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा।

वहीं, कासगंज के एक निजी अस्पताल के चिकित्सक के मुताबिक, बच्ची को अस्पताल में मृत अवस्था में लाया गया था। उसके शरीर का रंग हल्का नीला पड़ने की बात भी सामने आई है। चिकित्सक ने भी सांस की नली में नूडल्स का हिस्सा फंसने से दम घुटने की आशंका जताई है।

फिलहाल, बच्ची की मौत की वजह को लेकर अंतिम पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही होगी। इस घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।