अलीगंज में 6 अगस्त को निकलेगा चेहल्लुम जुलूस, 12 ताजिए होंगे शामिल, ऊंचाई 9 फीट तक सीमित रखने के निर्देश
एटा। आगामी चेहल्लुम जुलूस को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को कोतवाली अलीगंज परिसर में ताजियेदारों एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रभारी निरीक्षक रूपेश वर्मा ने की, जबकि कस्बा इंचार्ज मनीष बलियान भी मौजूद रहे। बैठक में जुलूस के दौरान कानून-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था एवं शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के पालन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि 6 अगस्त की शाम चेहल्लुम का जुलूस मोहल्ला टपकन टोला स्थित नूर अहमद उर्फ मुकेश के यहां से प्रारंभ होगा। इसके बाद जुलूस मातादीन चौराहा (मोहल्ला मेवातियान) पहुंचेगा, जहां मातम किया जाएगा। इसके उपरांत जुलूस गांधी चौराहा पहुंचेगा, जहां लगभग दो घंटे तक मातम का कार्यक्रम आयोजित होगा।
पुलिस प्रशासन ने जानकारी दी कि इस वर्ष अलीगंज में कुल 12 ताजिए निकाले जाएंगे। शासन के निर्देशों के अनुरूप सभी ताजियों की अधिकतम ऊंचाई 9 फीट निर्धारित की गई है। जुलूस में लगभग 1500 लोगों के शामिल होने की संभावना है।
प्रभारी निरीक्षक रूपेश वर्मा ने ताजियेदारों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग शासन एवं प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पूर्ण रूप से पालन करें। ताजिए निर्धारित ऊंचाई से अधिक न हों, जुलूस तय मार्ग एवं निर्धारित समय के अनुसार ही निकाला जाए तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देकर आपसी सौहार्द एवं भाईचारे का वातावरण बनाए रखें।
उन्होंने कहा कि यदि जुलूस के दौरान किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न होती है तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस-प्रशासन हर स्थिति पर नजर रखे हुए है और सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे, ताकि चेहल्लुम का आयोजन शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।
बैठक में आकिल, चांद मियां, नूर अहमद, इदरीश, बारिश, जमीर सहित बड़ी संख्या में ताजियेदार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply