
एटा। विकासखंड अलीगंज क्षेत्र के ग्राम बिल्सड़ पछायां स्थित प्राचीन एवं महाभारतकालीन वनखंडी महादेव मंदिर तक जाने वाला मार्ग इन दिनों सड़क किनारे उगी घनी झाड़ियों से अटा पड़ा है। इससे प्रतिदिन दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं और बुजुर्गों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वनखंडी महादेव मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। लेकिन गांव से मंदिर तक जाने वाले मार्ग के दोनों ओर उगी ऊंची-ऊंची घास, भाग तथा अन्य खरपतवार की झाड़ियों ने सड़क को काफी हद तक ढक लिया है। झाड़ियों के कारण मार्ग संकरा हो गया है और उनमें विषैले सांप-बिच्छू समेत अन्य जहरीले जीव-जंतुओं के छिपे होने की आशंका बनी रहती है। इससे श्रद्धालुओं में भय का माहौल है और विशेषकर महिलाओं का आवागमन पहले की तुलना में कम हो गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि श्रावण मास में मंदिर पर श्रद्धालुओं की संख्या और अधिक बढ़ जाती है। ऐसे में मार्ग की समय रहते सफाई कराना आवश्यक है, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
इस संबंध में खंड विकास अधिकारी शिव शंकर शर्मा ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने कहा कि सोमवार को प्राथमिकता के आधार पर टीम लगाकर सड़क के दोनों ओर उगी झाड़ियों की सफाई कराई जाएगी, जिससे श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

Leave a Reply