इमादपुर में टंकी पर चढ़कर हाथ हिलाता रहा युवक, पुलिस और अग्निशमन टीम ने समझाकर सुरक्षित नीचे उतारा; रेस्क्यू का वीडियो आया सामने

एटा। विकासखंड अलीगंज क्षेत्र के ग्राम इमादपुर में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक पानी की टंकी पर चढ़ गया। युवक करीब एक घंटे तक टंकी के ऊपर बैठा रहा और नीचे मौजूद लोगों की ओर हाथ हिलाता रहा। सूचना मिलते ही डायल 112 की पीआरबी, थाना राजा का रामपुर पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। करीब एक घंटे तक समझाने के बाद टीम ने युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया।

पुलिस के अनुसार युवक की पहचान योगेश पुत्र राधेश्याम निवासी नगला मोहन, थाना राजा का रामपुर के रूप में हुई है। थानाध्यक्ष रोहित राठी ने बताया कि परिजनों के अनुसार युवक की पत्नी करीब छह माह पहले उसे छोड़कर मायके चली गई थी। इसके बाद से वह परेशान रहता है। परिजनों ने यह भी बताया कि युवक पहले शराब का अधिक सेवन करता था और आए दिन पेड़ या अन्य ऊंची जगहों पर चढ़ जाता है।

नगला मोहन से करीब एक किलोमीटर दूर इमादपुर पहुंचा

गांव निवासी सीताराम ने बताया कि युवक की पत्नी करीब छह महीने पहले मायके चली गई थी। इसके बाद से युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती। उन्होंने बताया कि युवक पहले काफी शराब पीता था। नगला मोहन से इमादपुर गांव की पानी की टंकी करीब एक किलोमीटर दूर है। बुधवार को युवक इमादपुर पहुंचा और पानी की टंकी पर चढ़ गया।

पुलिस और अग्निशमन टीम ने एक घंटे तक समझाया

युवक के टंकी पर चढ़ने की सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। नीचे बड़ी संख्या में ग्रामीण भी जमा हो गए। टीम के सदस्यों ने युवक से बातचीत कर उसे नीचे आने के लिए समझाया। काफी प्रयास के बाद रेस्क्यू टीम के पुलिसकर्मियों और अग्निशमन कर्मियों ने उसे सुरक्षित पकड़कर नीचे उतार लिया।

इसके बाद पुलिस ने युवक को गांव के अवनीश पुत्र गंगाराम और इंदरजीत पुत्र बालकराम निवासी नगला मोहन के सुपुर्द कर दिया।

रेस्क्यू का वीडियो आया सामने

घटना के दौरान रेस्क्यू का वीडियो भी सामने आया है। इसमें युवक पानी की टंकी के ऊपर रेस्क्यू टीम के बीच दिखाई दे रहा है। पुलिस और अग्निशमन कर्मी उसे सुरक्षित पकड़ने का प्रयास करते नजर आ रहे हैं। वहीं युवक नीचे खड़ी भीड़ की ओर हाथ हिलाता दिखाई दे रहा है। कुछ देर बाद टीम ने उसे सकुशल नीचे उतार लिया।

थाना प्रभारी रोहित राठी ने बताया कि घटना के दौरान किसी प्रकार की कानून-व्यवस्था की समस्या नहीं हुई। समय रहते पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया।