आदेश कराने के नाम पर रकम मांगने का आरोप, शिकायत के बाद अलीगढ़ की एंटी करप्शन टीम ने अलीगंज तहसील में की कार्रवाई
एटा। अलीगंज तहसील में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब अलीगढ़ की एंटी करप्शन टीम ने कार्रवाई करते हुए एसडीएम के पेशकार अनूप सिंह को कथित तौर पर 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। टीम की कार्रवाई से तहसील परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। टीम आरोपी पेशकार को अपने साथ ले गई और मामले में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार जैथरा थाना क्षेत्र के धरौली गांव निवासी ज्ञान सिंह ने एंटी करप्शन टीम से शिकायत की थी। शिकायतकर्ता का आरोप था कि किसी आदेश को कराने के नाम पर एसडीएम के पेशकार अनूप सिंह द्वारा उससे 30 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी। शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन अलीगढ़ की टीम ने मामले की जांच की और शिकायत की पुष्टि के बाद आरोपी को पकड़ने की योजना तैयार की।
मंगलवार को एंटी करप्शन टीम के इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार और इंस्पेक्टर अनिल कुमार के नेतृत्व में टीम अलीगंज तहसील पहुंची। टीम ने शिकायतकर्ता को निर्धारित रकम के साथ पेशकार के पास भेजा। आरोप है कि पेशकार ने जैसे ही शिकायतकर्ता से 30 हजार रुपये लिए, पहले से निगरानी कर रही एंटी करप्शन टीम ने तत्काल उसे पकड़ लिया।
टीम ने मौके से कथित रिश्वत की रकम बरामद कर ली। कार्रवाई के दौरान तहसील परिसर में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों में भी खलबली मच गई। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में लोग कार्रवाई की जानकारी लेने के लिए मौके पर जुट गए।
एंटी करप्शन टीम आरोपी पेशकार को अपने साथ ले गई। टीम द्वारा आवश्यक साक्ष्य जुटाने के साथ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई के बाद तहसील परिसर में कर्मचारियों के बीच भी मामले को लेकर चर्चा होती रही।

शिकायत के आधार पर हुई कार्रवाई
एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई शिकायतकर्ता की ओर से की गई शिकायत के बाद की गई। शिकायत में लगाए गए आरोपों और बरामद रकम को लेकर टीम द्वारा नियमानुसार जांच एवं विधिक प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। मामले में आरोपी पक्ष का विस्तृत पक्ष सामने आने के बाद ही पूरे प्रकरण की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply