
कोर्ट के आदेश के बाद पति के साथ रह रही थी महिला, छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
एटा। कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के कासिमपुर गांव में सोमवार देर शाम 21 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव ससुराल स्थित कमरे में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वाड ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
मृतका की पहचान संगम पुत्री राधेश्याम निवासी नगला श्वेता, थाना क्षेत्र जनपद फिरोजाबाद के रूप में हुई है। संगम का विवाह हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार कासिमपुर निवासी विजेंद्र पुत्र उदयवीर के साथ हुआ था। मौत की सूचना मिलने के बाद मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का आरोप लगाया।
पहले भी हुआ था विवाद, थाने में हुई थी शिकायत
मृतका के भाई लालू का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसकी बहन को दहेज की मांग को लेकर परेशान किया जा रहा था। आरोप है कि पूर्व में उसके साथ मारपीट भी की गई थी। इस मामले को लेकर थाने में शिकायत हुई थी, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया था।
भाई के मुताबिक मई 2026 में एक बार फिर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। मामला परिवार परामर्श केंद्र तक पहुंचा, जहां दोनों पक्षों के बीच मध्यस्थता कराई गई। इसके बाद संगम को पति के साथ रहने के लिए भेज दिया गया था।
कोर्ट में भी पहुंचा था मामला
मृतका के भाई का कहना है कि विवाद के बाद मामला न्यायालय तक भी पहुंचा था। मध्यस्थता की प्रक्रिया के बाद संगम को पति के साथ रहने के लिए भेजा गया था। आरोप है कि इसके बाद भी उसे मायके वालों से फोन पर बातचीत करने में रोक-टोक की जाती थी। सोमवार देर शाम उसकी ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
मायके पक्ष ने पति, सास, ससुर और ननद समेत छह ससुरालियों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
थाना प्रभारी केके लोधी ने बताया कि मायके पक्ष की लिखित तहरीर के आधार पर छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच क्षेत्राधिकारी नगर कृतिका सिंह के नेतृत्व में की जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply