बेकरी सामान से लदी पिकअप के उड़े परखच्चे, वाहन में फंसा रहा चालक; दो घायल रेफर, सीओ ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा

एटा। अलीगंज-कायमगंज मार्ग पर बांके बिहारी पेट्रोल पंप के पास मंगलवार को रोडवेज बस और बेकरी सामान से लदी पिकअप की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक वाहन में फंस गया। दुर्घटना में पिकअप चालक की मौत हो गई, जबकि पिकअप सवार युवक और रोडवेज बस का परिचालक घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी अलीगंज भेजा।

बताया गया कि आगरा फोर्ट डिपो की रोडवेज बस मंगलवार को कायमगंज की ओर जा रही थी। बांके बिहारी पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रही बेकरी सामान से लदी पिकअप से बस की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव में जुट गए।

हादसे में पिकअप चालक विपिन यादव पुत्र अर्जुन सिंह यादव निवासी मिथेना, पोस्ट मिघौली, छिबरामऊ, जनपद कन्नौज वाहन के अंदर बुरी तरह फंस गए। पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक जाने के कारण उन्हें बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

पिकअप में सवार रेहान पुत्र इरशाद खान, उम्र करीब 38 वर्ष, गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं रोडवेज बस का परिचालक कन्हैया भी घायल हुआ। हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी अलीगंज राजेश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत-बचाव कार्य की जानकारी ली।

पुलिस की मौजूदगी में दोनों घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज भेजा गया। वहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें उच्च चिकित्सा संस्थान के लिए रेफर कर दिया गया।

108 एंबुलेंस के ईएमटी विमल कुमार ने बताया कि कंट्रोल रूम से हादसे की सूचना मिलते ही वह तत्काल मौके पर पहुंचे। दो घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी अलीगंज पहुंचाया गया, जबकि एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।

क्षेत्राधिकारी अलीगंज राजेश सिंह ने बताया कि बांके बिहारी पेट्रोल पंप के पास रोडवेज बस और पिकअप की भिड़ंत की सूचना मिली थी। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। हादसे में पिकअप चालक की मौत हुई है और दो लोग घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए सीएचसी भेजा गया है। दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।