
अवागढ़ के यादव नगर में दोहरा हत्याकांड, घर में मौजूद थे दंपति के तीन बच्चे; पति और उसके पिता पर हत्या का आरोप
एटा। अवागढ़ कस्बे के यादव नगर मोहल्ले में सोमवार देर रात घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। एक व्यक्ति पर अपनी पत्नी और सास की नुकीली या भारी वस्तु से हमला कर हत्या करने का आरोप है। दोनों महिलाओं के चेहरे और आंखों पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। वारदात के समय घर में दंपति के तीन बच्चे भी मौजूद थे। दोहरे हत्याकांड की जानकारी होते ही मोहल्ले में सनसनी फैल गई।
मृतकों की पहचान करीब 35 वर्षीय प्रियंका और उसकी 60 वर्षीय मां कमला देवी के रूप में हुई है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के उच्चाधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वॉड को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कई दिनों से चल रहा था पारिवारिक विवाद
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच पिछले कई दिनों से पारिवारिक विवाद चल रहा था। बच्चों से पूछताछ में भी दंपति के बीच विवाद और मारपीट होने की बात सामने आई है। आरोप है कि सोमवार रात विवाद के दौरान पति ने अपने पिता के साथ मिलकर पत्नी और सास पर हमला कर दिया। हमले में दोनों महिलाओं के चेहरे और आंखों पर गंभीर चोटें आईं और उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी फरार
अपर पुलिस अधीक्षक एटा श्वेताभ पांडेय ने बताया कि बच्चों के बयानों और प्रारंभिक जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। घटना के बाद से आरोपी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।
Leave a Reply