एटा। राष्ट्रीय जल मिशन एवं ‘कैच द रेन’ अभियान के तहत रविवार को थाना राजा का रामपुर परिसर में जल संरक्षण के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह ने थाना परिसर में मौजूद समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई और जल की प्रत्येक बूंद को बचाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान प्रभारी निरीक्षक ने पुलिसकर्मियों को शपथ दिलाई कि वे पानी का विवेकपूर्ण एवं समुचित उपयोग करेंगे, जल की प्रत्येक बूंद का संरक्षण करेंगे तथा अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी जल बचाने के लिए प्रेरित करेंगे। उन्होंने कहा कि जल प्रकृति का अनमोल उपहार है और इसके संरक्षण की जिम्मेदारी प्रत्येक नागरिक की है।

प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह ने कहा कि बढ़ती आबादी और घटते जल स्रोतों को देखते हुए जल संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है। यदि आज पानी को बचाने के लिए गंभीर प्रयास नहीं किए गए तो आने वाली पीढ़ियों को जल संकट का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से अपने दैनिक जीवन में पानी का अनावश्यक दुरुपयोग रोकने तथा वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने की अपील की।

शपथ के दौरान पुलिसकर्मियों ने संकल्प लिया कि वे पानी को एक अमूल्य धरोहर मानते हुए उसका सदुपयोग करेंगे, जल शक्ति अभियान ‘कैच द रेन’ को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग देंगे तथा समाज में जल संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने का कार्य करेंगे।

कार्यक्रम के अंत में सभी पुलिसकर्मियों ने एक स्वर में जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का संकल्प दोहराया और पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का विश्वास दिलाया।