
दुकानों पर अचानक पहुंची टीम को देखकर मचा हड़कंप, कई दुकानों पर की गई जांच
सकीट/एटा। कस्बा सकीट के बाजार में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब श्रम विभाग और चाइल्ड केयर टीम ने अचानक दुकानों पर छापेमार कार्रवाई शुरू कर दी। टीम ने बाजार की विभिन्न दुकानों पर पहुंचकर जांच की कि कहीं कम उम्र के बच्चों से तो काम नहीं कराया जा रहा है। कार्रवाई के दौरान दो दुकानों पर कम उम्र के बालक काम करते हुए पाए गए। टीम ने दोनों मामलों में दुकान संचालकों से बच्चों के संबंध में जानकारी ली।
अचानक टीम के बाजार में पहुंचते ही दुकानदारों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। टीम के आने का कारण पहले किसी को स्पष्ट नहीं हो सका। इसके बाद अधिकारियों ने एक-एक कर दुकानों पर जाकर जांच शुरू की। टीम ने दुकानों के अंदर बारीकी से निरीक्षण करते हुए संचालकों से बाल श्रमिकों के संबंध में जानकारी ली।

दो दुकानों पर मिले कम उम्र के बालक
जांच के दौरान टीम को कस्बे की दो दुकानों पर कम उम्र के बालक काम करते हुए मिले। टीम द्वारा उनके संबंध में दुकान मालिकों से आवश्यक जानकारी ली गई। साथ ही बच्चों की उम्र से संबंधित दस्तावेजों की जानकारी भी जुटाई गई।
बताया गया कि टीम ने बाजार की अन्य दुकानों पर भी जाकर जांच की। कार्रवाई की भनक लगते ही कुछ दुकानों से कम उम्र में काम करने वाले बच्चों के हट जाने की भी चर्चा रही। हालांकि टीम की जांच में दो बाल श्रमिक ही मौके पर मिले।

उम्र का प्रमाण प्रस्तुत करने का मौका
श्रम प्रवर्तन अधिकारी राज बाबू ने बताया कि सकीट क्षेत्र में बाल श्रमिकों की जानकारी के लिए टीम ने अचानक बाजार में पहुंचकर कार्रवाई की। जांच के दौरान दो बाल श्रमिक कार्य करते हुए पाए गए हैं। उन्होंने बताया कि टीम की ओर से मौके की कार्रवाई पूरी कर ली गई है।
उन्होंने कहा कि यदि किसी को बच्चों की उम्र को लेकर आपत्ति है तो संबंधित दस्तावेज अथवा उम्र का प्रमाण प्रस्तुत किया जा सकता है। आगे की कार्रवाई अलीगढ़ स्थित संबंधित कार्यालय से की जाएगी।
टीम में ये रहे शामिल
छापेमार कार्रवाई के दौरान श्रम विभाग से श्रम प्रवर्तन अधिकारी राज बाबू, एनजीओ से अवनीश राय, प्रोबेशन विभाग से पंकज यादव, प्रवेक्षक नमन कुमार, केस वर्कर महेश कुमार तथा थाना सकीट पुलिस मौजूद रही।
बाल श्रम के खिलाफ अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे बाजार में काफी देर तक हलचल बनी रही। टीम ने दुकानदारों को बाल श्रम से संबंधित नियमों का पालन करने के प्रति भी सचेत किया।

Leave a Reply