एटा। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना जैथरा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक शातिर अभियुक्त को छह अवैध तमंचों और दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय, अपर पुलिस अधीक्षक (अपराध) योगेन्द्र सिंह के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी अलीगंज राजेश सिंह के नेतृत्व में अवैध शस्त्रों की बरामदगी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना जैथरा पुलिस ने 5 अगस्त को कार्रवाई करते हुए आरोपी अंशुल पुत्र रमेश सिंह, निवासी मोहल्ला नेहरूनगर सोगजा, कस्बा एवं थाना जैथरा, जनपद एटा को गिरफ्तार किया।
पुलिस की तलाशी में आरोपी के कब्जे से 315 बोर के छह अवैध तमंचे तथा दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। बरामदगी के आधार पर थाना जैथरा में मु.अ.सं. 269/2026 के तहत धारा 9/25 आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि अवैध हथियार कहां से लाए गए और इन्हें किस उद्देश्य से रखा गया था।
इस कार्रवाई को थाना जैथरा पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष सुनील कुमार वर्मा, उपनिरीक्षक रमेश चन्द्र, कांस्टेबल संजय सिंह, सत्यम तथा रिजर्व कांस्टेबल आशुतोष शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि जनपद में अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply