
एटा। उत्तर प्रदेश शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की शिकायतों के त्वरित, प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को तहसील अलीगंज में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक एटा श्वेताभ पाण्डेय एवं अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संगम लाल ने संयुक्त रूप से फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
संपूर्ण समाधान दिवस में राजस्व, पुलिस, भूमि विवाद, विद्युत, विकास तथा अन्य विभागों से जुड़ी शिकायतें बड़ी संख्या में प्राप्त हुईं। अधिकारियों ने प्रत्येक प्रार्थना पत्र का गंभीरतापूर्वक अवलोकन करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित समय सीमा में निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान कई शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष प्रकरणों को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी मामलों की नियमित समीक्षा की जाएगी।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी अलीगंज डॉ. शशि शेखर, क्षेत्राधिकारी अलीगंज राजेश सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply