वन विभाग के कर्मचारी धर्मेंद्र प्रजापति ने किया सफल रेस्क्यू, बारिश के चलते आवास परिसर में पहुंचा था सांप
एटा। अलीगंज स्थित उपजिलाधिकारी (एसडीएम) आवास के परिसर में शनिवार को करीब 7 फीट लंबा इंडियन रैट स्नेक (धामन) निकल आने से कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। परिसर में सांप दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही अलीगंज वन विभाग में तैनात धर्मेंद्र प्रजापति मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाकर करीब 7 फीट लंबे इंडियन रैट स्नेक को सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद सांप को अलीगंज स्थित वन क्षेत्र में छोड़ दिया गया, ताकि वह अपने प्राकृतिक आवास में सुरक्षित रह सके।
वन विभाग के अनुसार इंडियन रैट स्नेक (धामन) एक गैर विषैला (Non-venomous) सांप है। यह मुख्य रूप से चूहों, छिपकलियों और अन्य छोटे जीवों का शिकार करता है, जिससे फसलों और घरों में चूहों की संख्या नियंत्रित रहती है। बारिश के मौसम में बिलों में पानी भर जाने के कारण ऐसे सांप अक्सर सुरक्षित स्थान की तलाश में रिहायशी इलाकों में पहुंच जाते हैं।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि सांप दिखाई देने पर घबराएं नहीं और उसे नुकसान पहुंचाने का प्रयास न करें। तत्काल वन विभाग को सूचना दें, ताकि प्रशिक्षित टीम द्वारा सुरक्षित रेस्क्यू कर उसे प्राकृतिक आवास में छोड़ा जा सके।