एटा। थाना अलीगंज पुलिस ने गल्ला आढ़त में हुई चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की नकदी में से ₹32,500 बरामद किए हैं। पुलिस अब शेष रकम की बरामदगी और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है।

पुलिस के अनुसार, 3 अगस्त 2026 को अलीगंज थाना क्षेत्र निवासी वादी ने तहरीर देकर बताया था कि उनकी पत्नी की फर्म बी.आर. इंटरप्राइजेज (गल्ला आढ़त), अमरौली रोड स्थित ए.जे. धर्मकांटा के पास है। 2 और 3 अगस्त की रात अज्ञात चोर फर्म के पीछे का गेट तोड़कर अंदर घुस गए और गल्ले में रखे करीब ₹1.70 लाख नकद चोरी कर ले गए। घटना को अंजाम देने के बाद चोरों ने पहचान छिपाने के उद्देश्य से फर्म में लगे सीसीटीवी कैमरों को क्षतिग्रस्त कर उनकी डीवीआर भी अपने साथ ले गए।

घटना की सूचना पर थाना अलीगंज में मुकदमा संख्या 182/2026 धारा 331(4) एवं 305(ए) बीएनएस के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी अलीगंज के नेतृत्व में थाना अलीगंज पुलिस ने घटना के खुलासे के लिए टीम गठित कर साक्ष्यों और अन्य जानकारियों के आधार पर दो आरोपियों की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने वाहिद पुत्र अजीज खां (24 वर्ष) तथा सोनू पुत्र वहीद खां (21 वर्ष) निवासी मोहल्ला मेवातियान, कस्बा एवं थाना अलीगंज को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए ₹32,500 बरामद किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और चोरी की शेष नकदी व अन्य सामान की बरामदगी के प्रयास जारी हैं। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक रुपेश कुमार वर्मा, उपनिरीक्षक मनीष कुमार, आरक्षी विनीत मावई तथा आरक्षी कुलदीप सिंह शामिल रहे। थाना अलीगंज पुलिस की इस सफलता की वरिष्ठ अधिकारियों ने सराहना की है।